कांग्रेस की पहली प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में अ‍जय राय ने कहा, लोकसभा चुनाव को चुनौती के रूप में करें स्‍वीकार

कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी बैठक
बैठक को संबोधित करते अजय राय।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। पांच राज्‍यों के आए चुनावी नतीजों के बाद आज कांग्रेस के प्रदेश मुख्‍यालय पर नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्‍यक्षता करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने पार्टी के नेताओं से अगामी लोकसभा चुनाव को एक चुनौती के रूप में स्‍वीकार करने को कहा है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए हमारे पास सिर्फ पांच माह का समय बचा है, ऐसी स्थिति में हम सभी को मिलकर पूरी ताकत के साथ कांग्रेस संगठन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ते हुए गतिशीलता प्रदान करनी है। हमें इस चुनाव को चुनौती के रूप में स्वीकारते हुए दिन-रात युद्ध स्तर पर कार्य करने की आवश्कता है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का आरोप, विपक्ष की न झुकने वाली आवाजों को दबाने में लगी भाजपा सरकार

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्‍ता सीपी राय ने बताया कि बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी तौकीर आलम भी मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत में नवनियुक्त पदाधिकारियों के परिचय के साथ-साथ उनके सुझाव को लिया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने एक-एक कर अपने सुझाव प्रस्तुत किये जिस पर गंभीरतापूर्वक विचार कर अमल करने का आश्‍वासन दिया गया।

जनता को कराएंगे भाजपा की नीतियों व विचारधारा से अवगत

बैठक के बाद अजय ने मीडिया से कहा कि बैठक में हमने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर से एक यात्रा ‘‘परिवर्तन यात्रा’’ निकालने का एजेंडा तैयार किया है। जिसके माध्यम से हम प्रदेश के सभी जनपदों के गांव व शहरी इलाकों में पैदल यात्रा कर प्रदेश की जनता को भारतीय जनता पार्टी की नीतियों व विचारधारा से अवगत करायेंगे। इस यात्रा में जनपद के पदाधिकारी के साथ समस्त कांग्रेस जन शामिल होंगे। और यह यात्रा उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के नैमिषारणय धाम में संपन्‍न होगी।