मौसम विभाग का अनुमान दो दिनों में केरल पहुंचेगा मॉनसून, राजधानी में छाए रहेंगे बादल

मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। उत्‍तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी है। लोगों को इस गर्मी से राहत कब मिलेगी, यह सबसे बड़ा सवाल है। सवाल यह भी है कि आखिर देश में मानसून दस्तक कब देगा? इसको लेकर अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बड़ी बात कही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आरके जेनामणि ने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में केरल में मानसून पहुंच सकता है। साथ ही राजधानी दिल्ली में आगामी कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे।

जेनामणि ने बताया कि वर्षा के कारण, भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य और सामान्य से नीचे है। अगले पांच दिनों में कोई लू की स्थिति नहीं होगी। पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय है और वहां बारिश का कारण बनेगा। आरके जेनामणि ने आगे बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।

पिछले 24 घंटों में, केरल तट और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बादलों की उपस्थिति बढ़ी है। उन्होंने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। केरल में मानसून की शुरुआत दो-तीन दिनों में होने की संभावना है। वहीं दिल्ली के लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया है। जेनामणि ने बताया कि दिल्ली में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे।

वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में गरज के साथ छीटें पड़ने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें- IMD ने जारी किया उत्तर भारत में भीषण गर्मी-लू का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ से इन राज्यों में होगी बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हवा में सापेक्षिक आर्द्रता 66 प्रतिशत दर्ज की गई। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान अनुसंधान प्रणाली (सफर) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

यह भी पढ़ें- भारी बारिश का अलर्ट जारी, प्रशासन का कंपनियों को निर्देश कर्मचारियों को न बुलाएं कार्यालय