मंहगाई की मार से त्राहि-त्राहि कर रही जनता, बीजेपी के मंत्री आंकड़ों में बुन रहे तरक्‍की के ख्‍वाब: नरेश उत्‍तम

स्‍वांग रच रही भाजपा

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने को लेकर आज समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। सपा के प्रदेश अध्‍यक्ष नरेश उत्‍तम पटेल ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी की वजह से मंहगाई की मार से जनता पहले से ही त्रस्त थी। अब घरेलु गैस सिलेंडर के दाम   में 93 रूपए की बढ़ोतरी किए जाने से उस पर बेवजह भारी बोझ बढ़ जाएगा।

केंद्र की मोदी और योगी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में अर्थ व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। कारोबार में गिरावट आई है। मंहगाई की मार से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। सामान्य वेतन पर गृहस्थी चलाने वालों के घर की थाली दिन पर दिन सूनी होती जा रही है, जबकि भाजपा सरकार के मंत्री आंकड़ो में तरक्की के ख्वाब बुन रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा भाजपा के झूठ से है सपा का मुकाबला

केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकार की बात करते हुए प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि जब 2014 में गैस सिलेंडर 414 रूपए का था तो भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सड़कों पर गैस चूल्हा लेकर प्रदर्शन करती नज़र आई थी। इतना ही नहीं उन्‍होंने मंहगाई डायन खाये जात है‘ का नारा भी बुलंद किया था, लेकिन आज बढ़ती मंहगाई पर स्मृति ईरानी चुप हैं।

सबक सिखाने के लिए 2019 का इंतजार कर रही जनता

कटाक्ष करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि भाजपा सरकारें हकीकत में जनता की बढ़ती कठिनाइयों से आंखे फेर कर शुतुरमुर्ग की तरह रेत में अपना सिर छुपा रही हैं, लेकिन अब जनता उसके छलावे में आने वाली नहीं है। जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाने के लिए बेसब्री से 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव इंतजार कर रही है।

यह भी पढ़ें- बोले अखिलेश देश में साम्‍प्रदायिक ताकतों को रोकने का काम करेंगे नौजवान।