चुनाव के बाद ममता बनर्जी ने जनता व कार्यकर्ताओं का जताया आभार, कहा दमन सहते हुए भी वोट डालने को कतारों में डटे रहे

ममता बनर्जी
ममता बनर्जी (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहली बार सामने आकर प्रतिक्रिया दी। ममता बनर्जी ने वोटरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह घरों से निकलकर आपने वोट किया, दमन सहते हुए भी वोट डालने के लिए कतारों में डटे रहे, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं उन पार्टी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने केंद्रीय और स्थानीय बलों के अत्याचारों को सहते हुए ये संघर्ष किया है।

सीएम ममता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे खिलाफ भारत सरकार की पूरी मशीनरी झोंक दी गई। केंद्रीय बलों और पुलिस की नई तैनाती के जरिए डर का माहौल बनाया गया, मारपीट की गई। भाजपा नेताओं ने अपने धन-बल और हथियारों की ताकत के दम पर बंगाल की जनता को दबाने की कोशिश की, लेकिन मतपेटियों ने उन्हें खामोश कर दिया है।

यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी का आरोप, राजनीतिक प्रचार के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे PM मोदी

बंगाल के एग्जिट पोल्स के आंकड़ों को सिरे से खारिज करते हुए ममता बनर्जी ने इन्हें सोची-समझी साजिश करार दिया और कहा कि किसी भ्रम में न रहें। 2014, 2017 और 2021 में भी इसी तरह के भ्रामक एग्जिट पोल दिखाए गए थे। असल नतीजों में तृणमूल कांग्रेस इस बार 230 सीटों के आंकड़े तक पहुंच सकती है। उन्होंने राज्य में फिर से ‘मां, माटी, मानुष’ की सरकार बनने का भरोसा जताया और कहा की दीदी पर भरोसा रखें।

यह भी पढ़ें- चुनाव खत्म होते ही गैस-कैश देना बंद कर देगी भाजपा, ममता बनर्जी ने किया जनता को सचेत