यूपी में प्री-मानसून की शुरुआत, मौसम विभाग ने 54 जिलों में जारी किया बारिश का अलर्ट

बारिश
बारिश के बीच सड़क पर लोग। (फोटो आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। यूपी में प्री-मानसून की शुरूआत हो गई है। शनिवार को लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली और अचानक तेज आंधी चली और इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हुई। लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में  बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। इस दौरान मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया

वहीं लखनऊ के अलावा कानपुर, फतेहपुर, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, हाथरस, संभल और उन्नाव समेत कई जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के 54 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 22 शहरों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। साथ ही बताया कि 15 और 16 जून तक तेज आंधी, तूफान और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मानसून के आने तक करीब 20 जून तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- राजधानी में बारिश व खराब मौसम के चलते लखनऊ-जयपुर डायवर्ट हुईं फ्लाइट्स

इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। जहां यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं शहरी क्षेत्रों में जलभराव और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में अचानक झमाझम बारिश ने दी गर्मी से राहत, 40 किलोमीटर के रफ्तार से चली आंधी, मासूम की जान भी गयी