जनसभा में बोलीं प्रियंका, “बेरोजगारी, महंगाई व महिला सशक्तिकरण जैसे मुख्‍य मुद्दों से ध्यान भटका रही BJP-सपा

जनसभा को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आतंकवाद के बहाने  बेरोजगारी, महंगाई, महिला सशक्तिकरण, छोटे किसानों और कारोबारियों की मदद जैसे मुख्य मुद्दों से ध्यान भटका रही हैं। साथ ही ये भी दावा किया कि अन्य पार्टियां आवारा मवेशियों और महिलाओं के मुद्दों को, इन पर कांग्रेस द्वारा चुनाव अभियान में बोलने के बाद उठा रही हैं। प्रियंका गांधी आज अमेठी में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं।

प्रियंका ने जनसभा को संबोधित किया और रोड शो करते हुए कांग्रेस के उम्मीदवारों को वोट देकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की जनता से अपील की। जगदीशपुर, सगरा सब्जी मंडी मुसाफिरखाना और नसीराबाद की जनसभाओं में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार पर महिला, किसान, युवाओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दल नहीं चाहते हैं कि लोग अपने पैरों पर खड़े हों, जागरूक और आत्मनिर्भर बनें। अमेठी दौरे के दौरान प्रियंका गांधी ने पुराना रायपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। रोड शो के दौरान प्रियंका के काफिले पर लोगों ने फूल बरसाएं।

वहीं प्रियंका ने कहा, ”सपा और भाजपा जैसी पार्टियां महंगाई कम करने, रोजगार देने, महिलाओं के सशक्तिकरण, छोटे और मझोले स्तर के कारोबारियों और किसानों की बेहतर कमाई में मदद करने के मुद्दों पर से ध्यान लगातार भटका रही हैं।” ये मुद्दे चुनाव के दौरान प्रमुख मुद्दे होने चाहिए, लेकिन वे आतंकवाद पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ये दल लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं पर केवल दबाव में बात कर रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने आवारा पशुओं के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस लंबे समय से यह मुद्दा उठा रही। उनकी पार्टी आवारा पशुओं के मुद्दे को साल 2019 से उठा रही और अपने चुनावी घोषणा पत्र में मुआवजा देने की घोषणा भी कर चुकी है। उन्होंने कहा, ”चुनाव करीब होने की वजह से अचानक प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि उन्हें सूचित किया गया कि यह बड़ा मुद्दा है- सच में? पूरे उत्तर भारत में सालों से आवारा मवेशियों के कारण लोग नुकसान उठा रहे हैं और उन्हें अब यह समस्या पता चली है।”

यह भी पढ़ें- जनसंपर्क कर बोलीं प्रियंका, UP की जनता पर भरोसा, कांग्रेस की मेहनत लाएगी रंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वह सार्वजनिक रूप से आतंकवाद पर व्याख्यान देते हैं और प्रतिशत में बात करते हैं।” प्रियंका ने कहा, ”योगी चुनाव के चौथे चरण के दौरान, आज आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान के लिए मुआवजे की घोषणा क्यों कर रहे हैं? जब वह सार्वजनिक रूप से आतंकवाद पर व्याख्यान दे रहे थे और 80 प्रतिशत और 20 प्रतिशत का तर्क दे रहे थे, तब क्या उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी? उन्होंने कहा ”वह (योगी) प्रतिशत में बात करना पसंद करते हैं, वह गत पांच साल से मुख्यमंत्री हैं। वह उत्तर प्रदेश में बेरोजगार युवाओं का प्रतिशत हमें क्यों नहीं बताते?”

यह भी पढ़ें- प्रियंका का मोदी-योगी सरकार पर हमला, क्या सिर्फ एक बोरे राशन से चलती है जिंदगी