कांग्रेस सपा व बसपा ने मुसलमानों को वोट बैंक की तरह किया इस्‍तेमाल: दिनेश शर्मा

भाजपा का डर
जनसभा को संबोधित करते दिनेश शर्मा।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ और उसकी ही दूसरी लोकसभा मोहनलालगंज में शनिवार को उत्‍तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री दिनेश शर्मा ने जनसभाओं को संबोधित किया। लखनऊ लोकसभा के विक्टोरिया स्ट्रीट और मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र के बंथरा में आयोजित जनसभा में आज दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोलने के साथ ही भाजपा को मुसलमानों की हितैषी पार्टी बताया है।

उप मुख्‍यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल अल्पसंख्यकों को भाजपा का डर दिखाकर वोट बटोरने का काम करते हैं। वे अल्पसंख्यकों को बताते हैं कि भाजपा उनका नुकसान करेगी जो कि हकीकत नहीं है। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी “सबका साथ, सबका विकास” की अवधारणा पर काम करते हैं। सरकार की सभी योजनाए बिना किसी भेदभाव के चलाई गई हैं, जिनका लाभ अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भी मिला है।

भाजपा का मत है मुसलमानों के एक हाथ में पवित्र कुरान तो दूसरे में कम्‍प्‍यूटर होना चाहिए

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपा व बसपा ने मुसलमानों को वोट बैंक की तरह इस्‍तेमाल किया व उनकी शौक्षिक स्थिति में सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए। ये दल चाहते थे कि इस समुदाय का उत्थान न हो जिससे कि उनकी आंख में धूल झोंककर वोट हासिल करते रहें। इसके विपरीत भाजपा ने समाज की मजहबी शिक्षा में छेड़छाड़ के बिना उन्हे आधुनिक शिक्षा भी देने के प्रयास किए। भाजपा का मत है कि मुसलमानों के एक हाथ में पवित्र कुरान व एक हाथ में कम्‍प्‍यूटर होना चाहिए। इस समुदाय के लोग भी उच्च पदों पर पहुच सकें इसके लिए योग्यता जरूरी है।

धर्म के आधार पर भेदभाव में यकीन नहीं करती भाजपा

दिनेश शर्मा ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने अल्पसंख्यक समुदाय के हुनर को बढ़ावा देने के लिए लोन दिलाने की भी व्यवस्था की है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट कार्यक्रम चलाया है। भाजपा धर्म के आधार पर भेदभाव में यकीन नहीं करती है। आजादी के बाद देश में अगर किसी ने अल्पसंख्यक समुदाय के लिए काम किया है तो वह भाजपा की सरकार ने किया है।

यह भी पढ़ें- जुबिली कॉलेज में छात्र सम्‍मेलन का शुभारंभ कर बोले दिनेश शर्मा, छात्रों को मिले रोजगारपरक शिक्षा

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए दिनेश शर्मा बोले, कांग्रेस को करना कुछ नहीं है ये लोग सिर्फ बहाना बनाते हैं। लोकसभा चुनाव को देश बनाने का चुनाव बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा बसपा और कांग्रेस आपस में मिले हैं। ये 23 मई तक एक साथ है उसके बाद इनमें फूट पडनी तय है। ये तीनों पार्टियां अपने अस्तित्व को बचाने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस को वोट कटवा पार्टी बताते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि यह गठबंधन की मदद के लिए भाजपा के वोट काटने की जुगत में हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है।

जनसभा के दौरान भाजपा प्रवक्‍ता शहनवाज हुसैन, युवा नेता नीरज सिंह, अन्नू मिश्र, गौरव महेश्‍वरी, जयदेवी रावत विधायक, वीरेन्द्र तिवारी चेयरमैन लैकफेड, राजीव दीक्षित पार्षद, रजनीश गुप्ता पार्षद, मनीष गुप्ता आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव के बीच राहुल गांधी की नागरिकता पर उठा सवाल, BJP की शिकायत पर गृह मंत्रालय ने 15 दिनों में मांगा जवाब