पहली बार लखनऊ पहुंचने पर बोले प्रसपा के प्रदेश अध्‍यक्ष, “पार्टी का गौरव व कार्यकर्ताओं का सम्मान होगी प्राथमिकता, जगह-जगह हुआ आदित्‍य यादव का स्‍वागत”

आदित्‍य यादव लखनऊ पहुंचे
आदित्‍य यादव लखनऊ पहुंचे।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हाल ही में आदित्य यादव के प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद रविवार को पहली बार लखनऊ आने पर जगह-जगह प्रसपा नेता व कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारों से उनका जोरदार स्वागत किया।

आगरा लखनऊ एक्सप्रेस के लखनऊ टोल प्लाजा, मोहान तिराहे, पुराना पारा थाना, कानपुर रोड स्थित अवध चौराहे, बंगला बाजार चौराहे व कमांड हॉस्पिटल चौराहे पर आदित्‍य यादव का काफिला पहुंचने पर समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

यह भी पढ़ें- आदित्‍य यादव का ऐलान, सपा के साथ मिलकर प्रसपा लड़ेगी विधानसभा चुनाव, एक होनें की बताई ये वजह

स्वागत से गदगद प्रसपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी समर्थकों से जगह-जगह संवाद कर दल और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। आदित्य यादव ने कहा कि संगठन के साथियों द्वारा मिले स्नेह से अभिभूत हूं, यह संवाद लगातार जारी रहेगा। वहीं नई जिम्‍मेदारी मिलने की बात पर आदित्‍य यादव ने कहा कि प्रसपा का गौरव स्थापित करना और कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरी प्राथमिकता है।

आदित्य यादव पर पूरा भरोसा: सुंदर लाल लोधी

इस अवसर पर प्रसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लाल लोधी ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि आदित्य यादव वर्तमान परिवेश और समाज को बेहतर समझकर अपनी अपार क्षमताओं से न सिर्फ प्रसपा को फायदा पहुंचाएंगे, बल्कि सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को आगे बढाएंगे।

पार्टी को मिलेगी गुणात्मक शक्ति 

वहीं प्रसपा के मुख्य प्रवक्‍ता दीपक मिश्रा ने कहा कि आदित्य यादव के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को गुणात्मक शक्ति मिलेगी और लोहिया-जयप्रकाश की विरासत पूरी प्रतिबद्धता से आगे बढ़ेगी। आदित्य यादव की नियुक्ति नया विहान लाएगी।

यह भी पढ़ें- शिवपाल यादव का बड़ा फैसला, प्रसपा की सभी प्रादेशिक व राष्ट्रीय कमेटियों को किया भंग

आज लखनऊ पहुंचने पर आज सुंदर लाल लोधी व दीपक मिश्र के अलावा प्रदेश प्रमुख महासचिव अजय त्रिपाठी मुन्ना, लखनऊ मंडल प्रभारी राम सिंह यादव, लखनऊ जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, महानगर अध्यक्ष सउद खान, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष संगीता यादव, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी, लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष आलिम खान, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष गयासुल हक, पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा, छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश यादव, अधिवक्‍ता सभा के प्रदेश अध्यक्ष अजीत चौहान, प्रदेश सचिव हरिशंकर यादव, महानगर उपाध्यक्ष शहजाद खान, महानगर उपाध्यक्ष श्रीकांत वर्मा समेत प्रसपा के तमाम नेता व कार्यकर्ताओं ने आदित्‍य यादव का माल्यार्पण कर स्‍वागत किया। इस दौरान आदित्य यादव भी लोगों से गले मिले और कार्यकर्ताओं का हाल-चाल जाना।