मिशन शक्ति पर बोलीं प्रियंका, जब सरकार का उद्देश्‍य सिर्फ ढोंग हो तो फेल ही हो जाएंगे मिशन

महिला सुरक्षा

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में महिलाओं के साथ घटित हो रही घटनाओं को लेकर बुधवार को एक बार फिर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने योगी सरकार के मिशन शक्ति पर तंज कसते हुए कहा कि जब सरकार का उद्देश्‍य केवल ढोंग व झूठा प्रचार हो तो मिशन फेल हो ही जाएंगे।

प्रियंका गांधी ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्‍यम से एक खबर ट्वीट कर कहा कि जब सरकार का उद्देश्य केवल ढोंग व झूठा प्रचार हो तो मिशन फेल हो ही जाएंगे। यूपी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर पर्दा डालने के लिए भाजपा सरकार का मिशन शक्ति फेल रहा। युवती को जलाने वालों के खिलाफ एक महीने बाद केस हो रहा है। अपराध बढ़ते जा रहे हैं।

बता दें कि यूपी के भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में 23 अक्‍टूबर को रात लगभग 12 बजे निर्मला देवी के घर में उसके पड़ोसी विकास, अखिलेश, राम प्रसाद, सियाराम और बिंदा देवी गलत नीयत से घुस गए तथा 21 साल की एक युवती को पकड़कर उसपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वे उसे एक कमरे में बंद कर भाग गए। जलने से चीख रही युवती की आवाज से आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर उसे बाहर निकाला तथा सरकारी अस्पताल ले गए जहां से उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।

यह भी पढें- बच्चियों के साथ हुई संगीन घटनाओं का जिक्रकर प्रियंका ने सीएम योगी से पूछा, कितना सफल रहा मिशन शक्ति

उन्‍होंने बताया कि महिला के इलाज के दौरान दबंग आरोपी अस्पताल पहुंचकर कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी देते रहे। अकेली बेटी के साथ रहने वाली उसकी मां ने मुंबई से अपने पति को 27 नवंबर को बुलाया और बेटी के साथ हुई घटना के संदर्भ में 29 नवंबर को मामला दर्ज कराया।

यह भी पढें- CM योगी ने मिशन शक्ति के तहत प्रदेश के 1,535 थानों में बने महिला हेल्‍प डेस्‍क का किया शुभारंभ

गोपीगंज के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह ने बताया इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। 50 प्रतिशत तक झुलसी युवती का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 23 अक्‍टूबर की है, लेकिन इसमें लगभग एक माह बाद एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढें- कांग्रेस का योगी सरकार से सवाल, “यूपी बना रेप प्रदेश, कौन से ग्रह पर चल रहा मिशन शक्ति”