बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर प्रियंका का सवाल, नैतिक आधार पर क्या शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं?

प्रियंका का सवाल
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। ओडिशा के बालासोर में हुए तीन रेल दुर्घटना के बाद से विपक्षी दल के नेताओं ने मोदी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। विपक्षी नेता इस घटना पर कई सवाल उठाते हुए रेल मंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मोदी सरकार को निशाने पर लिया है। साथ ही सवाल किया कि ट्रेन दुर्घटना को हुए 24 घंटे से अधिक बीत चुके हैं। क्या मानवीय व नैतिक आधार पर शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं तय की जानी चाहिए।

प्रियंका ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ट्वीट कर मोदी सरकार को निशाने पर लिया। प्रियंका ने कहा कि, ‘बालासोर, उड़ीसा में भयावह ट्रेन दुर्घटना को हुए 24 घंटे से अधिक बीत चुके हैं। क्या मानवीय व नैतिक आधार पर शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं तय की जानी चाहिए? विशेषज्ञों, संसदीय समिति, सीएजी रिपोर्ट की चेतावनियों व सुझावों को नजरंदाज करने के लिए कौन जिम्मेदार है?

साथ ही कहा कि रेलवे में खाली पड़े पदों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फंड की कमी के लिए किसकी जिम्मेदारी तय होगी? लाल बहादुर शास्त्री जी, नीतीश कुमार जी, माधव राव सिंधिया जी के नैतिक रास्ते का पालन करते हुए क्या रेल मंत्री को इस्तीफा नहीं देना चाहिए?

यह भी पढ़ें- तीन ट्रेनों की टक्कर में मृतकों की संख्या 288 तक पहुंची, करीब हजार यात्री घायल

वहीं इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट करते हुए कहा कि मोदी जी, आप आये दिन सफेद की गई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने में व्यस्त रहते हैं पर रेल सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं देते। ऊपर से नीचे तक के पदों की जवाबदेही तय करनी होगी जिससे कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को होने से रोका जा सके। तभी इस हादसे के पीड़ितों को न्याय मिलेगा।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में मालगाड़ी से टकराई कोरोमंडल एक्सप्रेस, 50 की मौत, 179 से अधिक घायल