कांग्रेस नेता ने कहा, मुख्‍यमंत्री ने विधानसभा में झूठ बोलकर किया गुमराह

विधानसभा में झूठ
अजय कुमार लल्लू। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि आज विधानसभा में बजट प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने जो तर्क और तथ्य सदन में रखे वह पूरी तरीके से झूठ, गुमराह और सदन की गरिमा को तार-तार करने वाले है। मुख्यमंत्री ने अपने झूठ से प्रदेश की मंहगाई, बेरोजगारी, बदहाल कानून-व्यवस्था से त्रस्त जनता का अपमान किया है।

सीएम योगी पर सवाल उठाते हुए लल्‍लू ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि हमने यूपी की जनता की प्रति व्यक्ति आय 2017 के मुकाबले दुगुनी कर दी है, हास्यास्पद है। सच तो यह है कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार हमारे प्रदेश की 65 प्रतिशत से ऊपर जनता अपने बच्चों की स्कूल की फीस नहीं जमा कर पा रही है और 40 प्रतिशत से ऊपर लोग रसोई गैस के बढ़े बेतहाशा मूल्य के चलते रसोई गैस नहीं खरीद पा रहे हैं। वहीं केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा लगाये गये भारी टैक्स के चलते डीजल और पेट्रोल के दाम ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गये हैं परिणामस्वरूप आम जरूरत की चीजों के भाव दुगुना और तिगुना बढ़ गये हैं और आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जयंती पर प्रियंका गांधी ने किया संत रविदास के दर्शन, बोलीं, सच्‍चे धर्म में नहीं होती राजनीत

हमला जारी रखते हुए लल्‍लू ने कहा कि प्रदेश के तीन लाख 60 हजार से अधिक वित्तविहीन शिक्षक पिछले दस महीने से या तो वेतन नहीं पा रहे हैं या तो आधा या एक चौथाई वेतन में गुजारा करने को विवश हैं। यही हाल सरकार के सरकारी, अर्धसरकारी, जनकल्याणकारी योजनाओं में कार्यरत कर्मचारी पिछले छह महीनों से वेतन न मिलने से एक-एक पाई के लिए मोहताज हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री या तो प्रदेश की 24 करोड़ जनता की पीड़ा को समझना नहीं चाहते या जानबूझकर प्रदेश की जनता का मजाक उड़ा रहे हैं।