‘नव संकल्प कार्यशाला’ में प्रियंका ने कहा, “यूपी में करूंगी दोगुनी मेहनत, जब तक जीतेंगे नहीं, लड़ते रहेंगे”

नव संकल्प कार्यशाला
कार्यशाला को संबोधित करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर नए सिरे से कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं में जान फूंकने की कोशिश शुरू कर दी है। साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भी प्रियंका ने यूपी नए सिरे से पार्टी को संगठित करने व कांग्रेस की कमियों को दूर करने की तैयारी के क्रम में आज लखनऊ में कांग्रेस की दो दिवसयी ‘नव संकल्प कार्यशाला’ की शुरूआत की।

यहां यूपी के सभी जिलों से जुटे कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं को संबांधित करते हुए प्रियंका ने कहा है कि वे उत्तर प्रदेश में दोगुनी मेहनत करेंगी और तब तक लड़ेंगी जब तक जीतेंगी नहीं। अपने कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कहा कि जी-जान से लड़ने के बावजूद पार्टी को हार मिली, लेकिन मायूस होने का वक्‍त नहीं है, बल्कि दोगुनी ऊर्जा से लड़ाई लड़नी पड़ेगी।

हमें और गहराई से काम करने की जरूरत

यूपी विधानसभा चुनाव के परिणाम पर प्रियंका ने कहा कि पार्टी की हार हुई, ये एक सच्चाई है, जबकि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत ने पूरे देश के कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया था। हमें और गहराई से काम करने की जरूरत है। जनता से जुड़ने के लिए हमें और प्रयास करना होगा। सिर्फ़ राजनीतिक नहीं सामाजिक मसलों पर भी जनता से जुड़ाव बनाना होगा।

भाजपा जिस तरफ देश ले जा रही,…

बीजेपी को निशाने पर लेते हुए प्रियंका ने कहा कि इस समय भाजपा जिस तरफ देश ले जा रही, यह वह देश नहीं है जिसके लिए महात्मा गांधी, सरदार पटेल और डॉ. भीम राव अंबेडकर ने लड़ाई लड़ी थी। हमें घर-घर जाकर लोगों को हक़ीकत बतानी होगी।

युवाओं को जात-धर्म के नाम पर बांटकर बर्बाद किया जा रहा

साथ ही प्रियंका ने कहा कि साल 2014 तक देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही थी, लेकिन आज देश की बुरी हालत पूरी दुनिया देख रही। युवाओं को जात-धर्म के नाम पर बांटकर उनका भविष्य बर्बाद किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हालात बदलने के लिए नई ऊर्जा से जुटना होगा, मैं उनके साथ दोगुनी ताकत से मेहनत करूंगी। हमें उदयपुर चिंतन शिविर में पारित हुए घोषणा पत्र की भावना को समझकर आगे बढ़ना होगा।

अजय लल्‍लू की तारीफ

इस दौरान प्रियंका ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की तारीफ करते कहा कि उन्होंने जी-जान से संघर्ष किया। सिर्फ चुनाव के समय नहीं, बल्कि कोविड काल में भी उनके नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर काम किया। सड़क पर उतरकर लाठियां खाईं, संघर्ष किया।

यह भी पढ़ें- गैंगरेप की शिकार किशोरी से थानेदार ने भी की हैवानियत तो प्रियंका ने योगी सरकार से पूछा महिलाओं के लिए थाने ही सुरक्षित नहीं तो कहां करेंगी शिकायत

वहीं आज यूपी कांग्रेस मुख्यालय पर दो दिवसीय ‘‘नव संकल्प कार्यशाला’’ में पार्टी के डिजिटल मेंबरशिप अभियान, नगर निकाय चुनाव और सोशल मीडिया के महत्व को लेकर विशेष सत्र हुए। इसमें शामिल होने के लिए पूरे प्रदेश से कांग्रेस के पदाधिकारी, पूर्व सांसद और विधायक शामिल हुए। साथ ही कांग्रेस संगठन, राजनीति, अर्थव्यवस्था, कृषि, सामाजिक न्याय और युवाओं के मुद्दों पर उदयपुर घोषणा पत्र में पारित प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

कार्यशाला में स्वागत भाषण राष्ट्रीय प्रवक्‍ता अखिलेश प्रताप सिंह और उद्घाटन भाषण पूर्व सांसद राजेश मिश्र ने दिया। विषय प्रवर्तन विधायक वीरेंद्र चौधरी ने किया। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र ‘मोना’ और पूर्व मंत्री नकुल दुबे ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नदीम जावेद ने उदयपुर घोषणा पत्र की प्रस्तावना, विदेश्‍वरी देवी ने राजनीतिक प्रस्ताव, ममता भारती ने आर्थिक प्रस्ताव, रामनाथ सिंह सिकरवार ने कृषि प्रस्ताव, आलोक प्रसाद ने सामाजिक न्याय प्रस्ताव और तनुज पुनिया ने युवाओं से संबंधित प्रस्ताव पेश किया। संचालन राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने किया।

कार्यशाला में मीडिया विभाग के चेयरमैन और पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व सांसद ज़फर अली नकवी, पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व विधायक सतीश आजमानी समेत तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहें।