लखनऊ की सड़कों पर लगी ‘योगी लाओ देश बचाओं’ की होर्डिंग, FIR दर्ज

अमित जानी
हजरगंज इलाके में सड़क पर लगी होर्डिंग।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। मध्‍य प्रदेश, राजस्‍थान समेत देश के पांच राज्‍यों में भाजपा को हार मिलने के बाद यूपी में अलग ही राजनीतिक माहौल बन रहा है। बुधवार को सूबे की राजधानी लखनऊ के वीवीआइपी इलाके हजरतगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को होर्डिंग पर एक दूसरे के खिलाफ दर्शाया गया है।

उत्‍तर प्रदेश नवनिर्माण सेना की ओर से सड़कों पर लगायी गयी इन होर्डिंग्‍स की जानकारी लगते ही आज सुबह हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने होर्डिंग हटवाने के बाद पार्क रोड चौकी इंचार्ज की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक होर्डिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्‍यादा मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को हिंदुओं के लिए बेहतर बताने के साथ ही कई तर्क दिए हैं, इसके अलावा उसपर आपत्तिजनक व भड़काऊ बातें भी लिखी गयी है।

यह भी पढ़ें- कोहरे में CM आवास से लेकर विधानसभा के बाहर किसान फेंक गए आलू, सोता रहा सिस्‍टम

वहीं एक अन्‍य होर्डिंग में भी योगी लाओ-देश बचाओ लिखने के साथ ही अगामी दस फरवरी को रमाबाई अंबेडकर मैदान में धर्म संसद करने की बात कही गयी है। होर्डिंग पर एक ओर प्रधानमंत्री की तस्‍वीर लगाकर नीचे लिखा है- जुमलेबाजी का नाम मोदी। उसी के दूसरी तरफ सीएम योगी का चित्र लगाकर लिखा गया है- हिंदुत्व का ब्रांड योगी।

इंस्‍पेक्‍टर हजरतगंज राधारमण सिंह ने बताया कि पार्क रोर्ड चौकी इंचार्ज फिरोज आलम की तहरीर पर हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृतक करते हुए उत्‍तर प्रदेश नवनिर्माण सेना से जुड़े अमित जानी व अन्‍य लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है।

अमित जानी का नाम आया सामने

बताते चलें कि उत्‍तर प्रदेश नवनिर्माण सेना अमित जानी नाम के व्‍यक्ति ने बनाई है। कहा जा रहा है कि सड़कों पर होर्डिंग उसी ने लगवाई है। अमित जानी ने कुछ साल पहले भी मायावती की मूर्ति तोड़कर काफी सुर्खियां बटोरी थी।

यह भी पढ़ें- दो लोगों को गिरफ्तार कर SSP ने बता दिया किसने फेंका था आलू, आप भी जान लें